केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने को विशेष अभियान शुरू

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



5 से 21 जून तक जिलेभर में चौपाल, शिविर और जनसंवाद कार्यक्रम; समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए गए निर्देश


महराजगंज। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 5 जून से 21 जून तक व्यापक स्तर पर “समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान” चलाया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।


बैठक की अध्यक्षता करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर सिंह ‘दयालु’ ने कहा कि केंद्र सरकार ने बीते 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और लोगों को उनकी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष जनजागरण अभियान संचालित किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि समेत अनेक योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। अभियान के माध्यम से इन उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचाई जाएगी।


बैठक में बताया गया कि अभियान के दौरान जिले के सभी विकास खंडों, ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में चौपाल, जनसंवाद, जागरूकता शिविर, प्रदर्शनी तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और आमजन को सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।


जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रमों का संचालन तय समय-सारिणी के अनुसार किया जाए तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


पुलिस अधीक्षक ने अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियों का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।


बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की तथा अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए। प्रशासन ने अभियान के माध्यम से जिले के लाखों नागरिकों तक केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *