मिशन शक्ति अभियान के तहत परसिया में आयोजित हुआ बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को किया गया जागरूक

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

महराजगंज।  मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत रविवार को कोठीभार थाना क्षेत्र के परसिया गांव में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

सम्मेलन में महिला उपनिरीक्षक नेहा कुमारी एवं महिला कांस्टेबल प्रियंका शाह ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री रंजना पत्नी गोविंद भी मौजूद रहीं।

पुलिस टीम ने महिलाओं को समाज में होने वाले महिला संबंधी अपराधों जैसे छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, घरेलू हिंसा और बलात्कार जैसी घटनाओं से बचाव एवं कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को 112, 1090, 181, 102, 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसके अलावा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ समेत महिला एवं बालिका कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।

सम्मेलन के दौरान बालिकाओं को घर छोड़कर जाने अथवा बहकावे में आने से उत्पन्न होने वाली सामाजिक, पारिवारिक एवं कानूनी समस्याओं के बारे में भी जागरूक किया गया। महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी समस्याएं सामने रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं ने मिशन शक्ति टीम के प्रयासों की सराहना की। कई महिलाओं ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से उन्हें अपनी सुरक्षा, अधिकारों और सहायता प्राप्त करने के उपलब्ध माध्यमों की महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिससे वे भविष्य में किसी भी समस्या का सामना अधिक जागरूकता और आत्मविश्वास के साथ कर सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *