हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी
धानी बाजार / महराजगंज। धानी बाजार स्थित सेठ त्रिलोकी राम इंटर कॉलेज के संस्थापक, प्रबंधक एवं सेवानिवृत्त शिक्षक दयाराम गुप्ता का हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा क्षेत्रीय लोगों ने उनके निधन को शिक्षा जगत की अपूरणीय क्षति बताया है।
दयाराम गुप्ता अपने मिलनसार व्यक्तित्व, मृदुभाषी स्वभाव एवं शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने अपने संघर्ष, परिश्रम और दूरदर्शिता के बल पर धानी बाजार में सेठ त्रिलोकी राम इंटर कॉलेज की स्थापना की और शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान कायम की।
परिजनों के अनुसार वह पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे तथा उनका उपचार वेदांत अस्पताल में चल रहा था। कुछ दिन पूर्व स्वास्थ्य में सुधार होने पर वह अपने निवास धानी बाजार लौट आए थे। शनिवार देर रात उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही हृदय गति रुक जाने से उनका आकस्मिक निधन हो गया।
स्वर्गीय दयाराम गुप्ता अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही धानी बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
शोक व्यक्त करने वालों में पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह के अनुज छठ्ठू सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र नाथ त्रिपाठी, चंद्रशेखर गुप्ता, अनिल मौर्य, बलराम गुप्ता, शुभम श्रीवास्तव, श्याम सुंदर अग्रहरि, डॉ. कुंवर पाल सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
परिजनों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार आज दिन रविवार को धानी स्थित राप्ती नदी घाट पर किया जाएगा।

