भिटौली/महराजगंज। परसा खुर्द गांव में हुए चाकूबाजी प्रकरण में भिटौली थाना पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर अपराध एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को भिटौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष प्रजापति पुत्र मुन्नीलाल प्रजापति निवासी परसा खुर्द, थाना भिटौली को दबोच लिया। आरोपी की उम्र करीब 27 वर्ष बताई गई है।
थाना पुलिस के अनुसार आरोपी को पिपरा-परतावल मार्ग पर परसा खुर्द जाने वाली पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध थाना भिटौली में दर्ज मुकदमा संख्या 100/2026 में धारा 115(2), 352, 351(3) व 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त चाकू अपने घर में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर कब्जे में ले लिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव एवं हेड कांस्टेबल पप्पू यादव की टीम शामिल रही। पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय रवाना कर दिया।

