बिल के नाम पर वसूली ! 22 हजार रुपये लिए, न जमा हुआ बिल न मिली रसीद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

परतावल (महराजगंज)। नगर पंचायत परतावल में बिजली विभाग से जुड़े एक संविदाकर्मी पर उपभोक्ता से 22 हजार रुपये वसूलने और बिल जमा न करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 महंथ अवेधनाथ नगर निवासी दिलीप मोदनवाल ने उपखंड अधिकारी विद्युत खंड परतावल को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि विभाग में कार्यरत संविदाकर्मी रत्नेश चौहान ने बिजली बिल जमा कराने के नाम पर उनसे कुल 22 हजार रुपये लिए। आरोप है कि कुछ रकम बैंक खाते के माध्यम से दी गई, जिसकी रसीद उपलब्ध है, जबकि शेष धनराशि नगद दी गई थी।

पीड़ित का कहना है कि आठ माह बीत जाने के बाद भी न तो उनका बिजली बिल जमा किया गया और न ही रकम वापस की गई। कई बार संपर्क करने पर संबंधित कर्मचारी टालमटोल करता रहा। इससे उपभोक्ता आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि दो दिन पूर्व भी उक्त संविदाकर्मी द्वारा अन्य लोगों से बिजली कनेक्शन कराने के नाम पर धन वसूली की गई है। इससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

इस संबंध में उपखंड अधिकारी विद्युत खंड परतावल मयंक अग्रवाल ने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित संविदाकर्मी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *