अपनी बताकर गिरवी रख दी दूसरे की जमीन, पीड़िता दो साल तक करती रही खेती
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल / महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में जमीन रेहन के नाम पर एक विधवा एवं दिव्यांग महिला से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने दूसरे की भूमि को अपनी बताकर महिला से 3 लाख 25 हजार रुपये ले लिए और बाद में फरार हो गया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और धन वापसी की मांग की है।
मालूम हो कि ग्राम पंचायत परसिया इंदरपुर निवासी शोभा देवी पत्नी स्वर्गीय कन्हैयालाल निषाद ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पति की मृत्यु के बाद वह मजदूरी और खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। इसी बीच 18 जुलाई 2023 को मोहनापुर निवासी विजय प्रताप यादव ने खुद को एक कृषि भूमि का मालिक बताते हुए नौ मण्डा खेत रेहन रखने की बात कही। भरोसा दिलाने के लिए स्टांप पेपर पर लिखापढ़ी भी कराई गई।
पीड़िता के अनुसार उसने अपनी जमा पूंजी, उधार और मेहनत मजदूरी से जुटाए गए 3.25 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। इसके बाद वह करीब दो वर्षों तक उक्त खेत में खेती करती रही। कुछ समय बाद वास्तविक भूमि स्वामी वहां पहुंचा और खेत खाली करने को कहा। जांच-पड़ताल में पता चला कि जिस जमीन को रेहन रखा गया था, वह किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है।
शोभा देवी का आरोप है कि जब वह अपने स्वजनों के साथ रुपये वापस मांगने आरोपी के घर पहुंचीं तो उसकी पत्नी ने बताया कि वह घर पर नहीं है। गांव वालों से जानकारी मिली कि आरोपी पिछले चार माह से घर छोड़कर फरार चल रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पूरी साजिश पहले से रची गई थी और जानबूझकर धोखाधड़ी कर उसकी रकम हड़प ली गई।
पीड़िता का कहना है कि उसके पास स्टांप पेपर समेत कई अहम साक्ष्य मौजूद हैं, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मामले की शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी की गई थी, जिस पर महराजगंज पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक श्यामदेउरवा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

