हडखोड़ा में फर्जी बिलों से सरकारी धन निकासी का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


बिना ईंट उद्योग वाली फर्म को लाखों का भुगतान, छठ घाट निर्माण कार्य जांच के घेरे में


महराजगंज। मिठौरा विकास खंड के ग्राम पंचायत हडखोड़ा में विकास कार्यों के नाम पर वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना ईंट उद्योग संचालित किए एक फर्म के नाम पर निर्माण सामग्री की खरीद दर्शाकर लाखों रुपये का भुगतान कर दिया गया। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की है।


जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत हडखोड़ा में छठ घाट पर सीढ़ी निर्माण कार्य कराया गया था। इस कार्य में ईंट, सीमेंट, रेत और बजरी की खरीद मिठौरा स्थित “शंशाक ट्रेडर्स” नामक फर्म से दिखाई गई है। आरोप है कि उक्त फर्म के नाम पर पंचम राज्य वित्त आयोग मद से 21 मई 2026 को 2 लाख 1 हजार 287 रुपये का भुगतान किया गया।


ग्रामीणों का कहना है कि जिस फर्म के नाम से भुगतान हुआ है, उसका कोई ईंट उद्योग संचालित नहीं है। ऐसे में निर्माण सामग्री की आपूर्ति और बिल जारी किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की मिलीभगत से फर्जी बिलों के सहारे सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है।


मामले को और गंभीर बनाते हुए ग्रामीणों ने बताया कि जिस बिल के आधार पर भुगतान हुआ, उस पर पंचायत सचिव के हस्ताक्षर तक नहीं हैं और न ही बिल जारी होने की तिथि अंकित है। इससे भुगतान प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


क्षेत्रीय निवासी राहुल, मनोहर, संगीता, बबिता बासमती और विरेन्द्र समेत कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो ब्लॉक क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में चल रहे ऐसे मामलों का खुलासा हो सकता है।


ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विकास कार्यों में कागजों पर सामग्री खरीद दिखाकर भुगतान करा लिया जाता है, जबकि मौके पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब रहती है। इससे सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।


इस संबंध में मिठौरा ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शिकायत की जांच कराई जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *