हर्षोदय टाइम्स/सुनील मणि त्रिपाठी
धानी/फरेन्दा (महराजगंज)। ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत धानी क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बेलसड़ में जागरूकता रैली का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खण्ड शिक्षा अधिकारी अगनित कुमार गोंड की उपस्थिति में विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र त्रिपाठी एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता छट्ठू सिंह रहे। संचालन संजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर बाल वाटिका नवारंभ उत्सव तथा वार्षिक उत्सव भी आयोजित हुआ, जिसमें परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
कक्षा 8 उत्तीर्ण छात्रों को अंकपत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही विद्यालय परिवार से सेवानिवृत्त हुए शिक्षामित्र घनश्याम चौहान को भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर एआरपी आलोक मणि त्रिपाठी, जय प्रकाश मिश्र, सतीश मणि त्रिपाठी, महेंद्र गुप्ता, संतोष सिंह, रंजीत कुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

