कृषि विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ₹1.90 लाख की ठगी, विरोध पर फर्जी मुकदमे की धमकी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। जनपद के थाना भिटौली क्षेत्र अंतर्गत किशनपुर निवासी एक युवक से कृषि विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर ₹1.90 लाख की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।


पीड़ित कृष्ण गोपाल का आरोप है कि बैजनाथपुर कला निवासी चतुर्भुज उर्फ भरत ने अपने लखनऊ निवासी कथित सचिवालय अधिकारी सहयोगी लल्लू उर्फ बाबू साहब के माध्यम से विकास भवन में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर अलग-अलग माध्यमों से उसके खाते से कुल ₹1,90,000 ट्रांसफर करवा लिए।


पीड़ित के अनुसार रकम लेने के बाद आरोपियों ने जल्द नियुक्ति कराने का आश्वासन दिया, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिली। जब उसने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपियों ने कथित रूप से फर्जी एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराने और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया।


कृष्ण गोपाल ने बताया कि उसके पास बैंक ट्रांजैक्शन की स्लिप, मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग समेत अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। पीड़ित ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक को देकर आरोपियों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *