रक्षा बंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात, 27 से 29 अगस्त तक रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

लखनऊ। रक्षा बंधन के पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। त्योहार के दौरान महिलाओं को प्रदेश की सरकारी रोडवेज एवं सिटी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक लागू रहेगी।
रक्षा बंधन पर बसों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 26 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त एवं विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य त्योहार के दौरान महिलाओं और अन्य यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न होने देना है।


छह दिन कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द


बसों के सुचारू संचालन के लिए चालकों, परिचालकों और संबंधित अधिकारियों की छह दिनों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। परिवहन विभाग को पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


बस अड्डों पर सफाई और सुविधाओं पर जोर


त्योहार के दौरान बस अड्डों और बसों में साफ-सफाई, पीने के शुद्ध पानी, पंखे और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।


24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम


यात्रियों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए राज्य स्तर पर 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। किसी भी असुविधा की स्थिति में यात्री कंट्रोल रूम के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *