विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने रखीं समस्याएं, अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसान दिवस के दौरान किसानों ने खरीफ सीजन के लिए उर्वरक उपलब्धता, कृषि यंत्रों के टोकन, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), सिंचाई व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण समस्याएं उठाईं। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय से पहुंचे।
किसान दिवस में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, भूमि संरक्षण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रबंधक इफको, जिला प्रबंधक नाबार्ड, उद्यान, मत्स्य, गन्ना, खाद्य एवं रसद, सिंचाई, विद्युत, दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक तथा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान और कृषि तकनीकों की जानकारी भी दी।
विकास खंड मिठौरा के ग्राम परसा राजा निवासी किसान जनार्दन पटेल ने आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि समय से खाद उपलब्ध न होने पर किसानों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस पर अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं किसान खुसूबुद्दीन ने कृषि यंत्रों के लिए टोकन प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि किसान आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ लेने के लिए टोकन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। इस पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन से दिशा-निर्देश प्राप्त होते ही टोकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी और इसकी जानकारी किसानों को उपलब्ध करा दी जाएगी।
कार्यक्रम में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से संबंधित विशेष अभियान की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 15 मई से 31 मई 2026 तक विकास खंड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित कर केसीसी के नवीनीकरण एवं नए कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। किसानों से अपील की गई कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप में पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि उन्हें समय से ऋण सुविधा मिल सके।
इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने खरीफ फसलों की उन्नत खेती, मौसम के अनुसार फसल प्रबंधन, संतुलित उर्वरक प्रयोग तथा पशुपालन से अतिरिक्त आय बढ़ाने के संबंध में किसानों को विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
किसान दिवस के दौरान किसानों और अधिकारियों के बीच सीधे संवाद से किसानों ने संतोष जताया और उम्मीद व्यक्त की कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

