तांत्रिक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंकने वाला गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


बेटे की मौत का जिम्मेदार मानकर रची खौफनाक साजिश, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप बरामद की


महराजगंज। थाना कोतवाली पुलिस ने तांत्रिक की हत्या कर शव छिपाने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राघवेन्द्र सिंह उर्फ जेलर निवासी सहजनवां, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि मृतक रमाकांत चौहान निवासी पिपरा रसूलपुर, थाना कोतवाली महराजगंज झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का काम करते थे तथा उसके घर पूजा-पाठ के लिए आते-जाते थे। जनवरी 2025 में रमाकांत ने उससे दो लाख रुपये उधार मांगे थे, लेकिन पैसा न मिलने पर नाराज होकर कथित रूप से “खामियाजा भुगतने” की बात कही थी।


इसी बीच 26 फरवरी 2025 को आरोपी के बेटे ऋषभ सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। आरोपी ने इसे तंत्र-मंत्र का असर मान लिया और रमाकांत से बदला लेने की ठान ली। पुलिस के मुताबिक 1 जून 2025 को आरोपी रमाकांत को पूजा-पाठ के बहाने कार से अपने साथ ले गया और रास्ते में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।


रात करीब नौ बजे सहजनवां क्षेत्र के बरईपार पाली गांव के पास सुनसान स्थान पर आरोपी ने लोहे की पाइप से रमाकांत के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार में रखकर बस्ती जनपद ले गया और सुनसान लिंक मार्ग के किनारे फेंककर फरार हो गया।


घटना के बाद मृतक के परिजन लगातार रमाकांत के बारे में पूछताछ करते रहे, लेकिन आरोपी उन्हें गुमराह करता रहा। बाद में मुकदमा दर्ज होने पर वह दिल्ली भागकर निजी नौकरी करने लगा। हाल ही में वापस लौटने पर कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार, उपनिरीक्षक अंजनी कुमार यादव समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *