घुघली (महराजगंज)। घुघली थाना क्षेत्र के बसंतपुर चौराहे स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग एवं बिक्री की दुकान में मोबाइल का मदर बोर्ड चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित दुकानदार रामाश्रय पुत्र उदयभान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 10 जुलाई को दो युवक ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर पहुंचे। दोनों मोबाइल से संबंधित सामान देखने के बहाने काफी देर तक दुकान में मौजूद रहे। इसी दौरान मौका पाकर वे मोबाइल का एक मदर बोर्ड चोरी कर वहां से निकल गए।
दुकानदार के अनुसार, अगले दिन जब दुकान में रखे सामान का मिलान किया गया तो मदर बोर्ड गायब मिला। संदेह होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों युवक चोरी करते हुए स्पष्ट दिखाई दिए।
बताया गया कि 11 जुलाई को वही दोनों युवक दोबारा दुकान पर पहुंचे। उन्हें देखते ही दुकानदार ने पहचान कर रोक लिया और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

