पनियरा के इलाहाबाद गांव में हादसा, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के इलाहाबाद गांव में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 35 वर्षीय शमा परवीन शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर के पीछे लगे नल से पानी भरने गई थीं। इसी दौरान उन्होंने टिल्लू पंप का मोटर चालू किया। बताया जा रहा है कि मोटर में आई तकनीकी खराबी के चलते नल के पाइप में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
कुछ देर बाद जब उनके पति बाहर निकले तो शमा परवीन को नल के पास अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल मोटर का स्विच बंद किया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। परिजन आनन-फानन में उन्हें निजी वाहन से अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।
हादसे की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। महिला की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीणों ने विद्युत उपकरणों की नियमित जांच और सावधानी बरतने की अपील की है।

