मेधावियों के सम्मान से गूंजा खालिद मिल्ली इंटर कॉलेज, टॉपर्स को मिली साइकिल व सिलाई मशीन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल/महराजगंज।परतावल ब्लॉक क्षेत्र में परतावल पनियारा मार्ग पर स्थित खालिद मिल्ली इंटरमीडिएट कॉलेज में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेधावियों को मोमेंटो व उपहार देकर सम्मानित किया गया। टॉपर विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार के रूप में साइकिल और सिलाई मशीन भेंट की गई, जिससे बच्चों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


समारोह में मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन तथा परतावल ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा रहे। उनके साथ सपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष असरार खान भी मौजूद रहे। अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


कार्यक्रम के दौरान इंटरमीडिएट बालक वर्ग के टॉपर छात्र को साइकिल देकर सम्मानित किया गया, जबकि हाईस्कूल की टॉपर छात्रा सुमैया खातून को सिलाई मशीन प्रदान की गई। सम्मान पाने वाले इंटरमीडिएट वर्ग के विद्यार्थियों में गुलिस्ता खातून, अफिया, वेद प्रकाश, अफ्फान खान, तुफैल अहमद, मोहम्मद उसैद खान, रेशमा खातून, सलमा खातून, मोहम्मद जैद रब्बानी एवं सबीहा हसन शामिल रहे। वहीं हाईस्कूल वर्ग में सुमैया खातून, अलीजा शेख, फरहाना आलम, अफरीन खातून, शमा खातून, राबिया खातून, नजमा खातून, साइमा खातून, मरियम खातून और मैबिश खान को सम्मानित किया गया।


मुख्य अतिथि आमिर हुसैन ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। वहीं ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन और शिक्षा का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यालय के शैक्षिक वातावरण और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।


कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सुभाष पटेल समेत नबी हुसैन, आशुतोष श्रीवास्तव, सनाउल्लाह, एखलाक अहमद, विश्वामित्र यादव, राकेश यादव, दीपक पाण्डेय, शकील अहमद, इंद्रजीत तिवारी, अभय सिंह, तनवीर अहमद, साहिबा खातून, अरीबा खातून और अरशद अख्तर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *