हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर सिसवा के विराज रिसोर्ट में सोमवार शाम युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सात चरणों में चल रही कार्यक्रम श्रृंखला के छठे चरण में नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा कार्यों के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद नगर की भजन गायिका अंजलि गोंड ने ‘उठो जवानों’ भजन प्रस्तुत किया। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति ने उपस्थित युवाओं में उत्साह का संचार किया।
संवाद के दौरान प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं में अनुशासन, संस्कार, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी शिक्षा, प्रतिभा और ऊर्जा को केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें, बल्कि उसका उपयोग समाज और राष्ट्र के हित में भी करें।

कार्यक्रम में युवाओं को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। उन्होंने विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर विचार साझा किए तथा वक्ताओं से सवाल-जवाब के माध्यम से संवाद किया। वक्ताओं ने कहा कि तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में युवाओं की जिम्मेदारियां बढ़ी हैं और उन्हें सकारात्मक परिवर्तन के लिए आगे आना चाहिए।
अंत में उपस्थित युवाओं ने राष्ट्रहित और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने युवाओं को नई सोच, ऊर्जा और सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गौरव अग्रवाल ने की तथा संचालन जीवेश मिश्रा ने किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल, जिला प्रचारक विनय, जिला कार्यवाह शिवचरण वर्मा, नगर कार्यवाह मोहनलाल, ज्योतिष मणि त्रिपाठी, ई. नीरज तिवारी, शशिकला सिंह, कृष्णमुरारी सिंह, नगर संपर्क प्रमुख मनीष पांडेय, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, योगेश जायसवाल, ओ. ए. जोसफ, भगवान दास जायसवाल, नमित भालोटिया, आशुतोष भालोटिया, सहित अनेक गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


