बिना वैध यात्रा दस्तावेज नेपाल में प्रवेश का प्रयास, एसएसबी ने हिरासत में लेकर शुरू की गहन जांच
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। भारत-नेपाल की संवेदनशील सोनौली सीमा पर शनिवार रात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक अमेरिकी नागरिक को बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास करते हुए हिरासत में ले लिया। घटना के बाद सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं और विदेशी नागरिक की पहचान, यात्रा के उद्देश्य तथा उसके दावों का गहन सत्यापन किया जा रहा है।
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार शनिवार रात करीब नौ बजे सीमा स्तंभ संख्या-516 के निकट एक विदेशी नागरिक नेपाल की ओर बढ़ता दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने उसे रोककर यात्रा संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह अचानक वहां से भागने लगा। जवानों ने तत्काल पीछा कर उसे पकड़ लिया और कंपनी मुख्यालय लाकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपना नाम सैम ब्राउन बताते हुए स्वयं को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बताया। उसने कहा कि उसका पासपोर्ट बेंगलुरु में रहने वाले एक परिचित के पास है, इसलिए वह कोई वैध यात्रा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने यह भी दावा किया कि गोवा में उसकी मुलाकात नेपाल के एक व्यक्ति से हुई थी, जिससे मिलने के लिए वह सोनौली पहुंचा था। हालांकि पूछताछ के दौरान वह उस व्यक्ति का पूरा पता या कोई विश्वसनीय जानकारी नहीं दे सका।
विदेशी नागरिक ने दावा किया कि उसने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की है तथा वह अमेरिकी नेवी की स्पेशल फोर्स में कार्य कर चुका है। उसके अनुसार उसने लगभग दो वर्ष पहले नौकरी छोड़ दी थी और अब तक करीब 70 देशों की यात्रा कर चुका है। उसने बताया कि भारत आने से पहले वह बाली में था और लगभग आठ सप्ताह पूर्व अमेरिका से गोवा पहुंचा, जहां वह करीब छह सप्ताह तक रुका।
तलाशी के दौरान उसके पास से 31,460 रुपये नकद तथा प्रोटीन पाउडर का एक डिब्बा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने यह भी दावा किया कि वर्ष 2023 में इटली में उसकी मुलाकात उत्तराखंड निवासी चेतना नाम की युवती से हुई थी और अक्टूबर 2024 में दोनों ने विवाह कर लिया। उसके अनुसार उसकी पत्नी योग प्रशिक्षक है।
फिलहाल एसएसबी, स्थानीय पुलिस तथा अन्य खुफिया एजेंसियां विदेशी नागरिक के सभी दावों, उसकी वास्तविक पहचान, पासपोर्ट की स्थिति, भारत में उसकी गतिविधियों और भारत-नेपाल सीमा तक पहुंचने के उद्देश्य की विस्तृत जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

