महराजगंज, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में पीआरडी जवानों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार, महराजगंज में बड़ी संख्या में उपस्थित पीआरडी जवानों एवं अधिकारियों ने देखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने की।
इस अवसर पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि अच्छी सरकार का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और व्यक्ति तक पहुंचता है। भाजपा सरकार इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता में आने के बाद पीआरडी जवानों के हितों का विशेष ध्यान रखा है।
विधायक ने कहा कि पूर्व में पीआरडी जवानों को मात्र 250 रुपये मानदेय मिलता था और कार्य दिवस भी सीमित थे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मानदेय को पहले 375 रुपये, फिर 395 रुपये और इसके बाद बढ़ाकर 500 रुपये किया गया। अब मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किए जाने की घोषणा की है। साथ ही जवानों को विभिन्न स्थलों पर नियमित रूप से कार्य करने के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने पीआरडी परिवार कल्याण योजना के तहत पीआरडी जवानों एवं उनके परिजनों के लिए 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की घोषणा की है। इससे जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्य विकास अधिकारी ने सदर विधायक को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, बीओ बृजेश कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान एवं अधिकारी मौजूद रहे।

