महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल स्थित वार्ड नंबर 8 छत्रपति शिवाजी नगर मेहाबार में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के पीछे पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान मेहाबार निवासी महेंद्र पाण्डेय (55) के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची श्यामदेउरवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पूर्व जांच के दौरान महेंद्र पाण्डेय को लिवर कैंसर होने की जानकारी मिली थी। गंभीर बीमारी का पता चलने के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे और अवसाद में चले गए थे। परिवार ने बताया कि उनका इलाज चल रहा था तथा बेहतर उपचार के लिए रविवार को पीजीआई लखनऊ ले जाने की तैयारी भी की गई थी।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
इस संबंध में चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

