समाजसेवी उमेश चन्द्र मिश्र ने विभाग को सौंपा प्रस्ताव, निरीक्षण के बाद मरम्मत व निर्माण की तैयारी शुरू
महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के न्याय पंचायत बागापार में जर्जर सड़कों और टूटे पुलों की समस्या एक बार फिर चर्चा में है। वर्षों से बदहाल पड़े ग्रामीण संपर्क मार्गों और क्षतिग्रस्त पुलों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल बना हुआ है। अब क्षेत्र के समाजसेवी उमेश चन्द्र मिश्र ने इस मुद्दे को लेकर लोक निर्माण विभाग के समक्ष जोरदार ढंग से आवाज उठाई है।
समाजसेवी द्वारा विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए प्रस्ताव में कई महत्वपूर्ण ग्रामीण मार्गों के शीघ्र निर्माण और मरम्मत की मांग की गई है। उनका कहना है कि खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है, जब गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से लगभग टूट जाता है।
प्रस्ताव में सिंदुरिया-सेमरसही मार्ग से केवलापुर चांकी मार्ग, बागापार-महराजगंज मार्ग से विशुनपुरवा एवं बरगदवा संपर्क मार्ग, बेलवा काजी से चांकी टोला मार्ग, विशुनपुरवा से बागापार ग्रामसभा मार्ग तथा परसिया से बिजापुर संपर्क मार्ग सहित कई सड़कों के निर्माण और मरम्मत की मांग शामिल है। साथ ही जर्जर हो चुके चांकी पुल के पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
बताया गया कि इस संबंध में पूर्व में भी आईजीआरएस पोर्टल और लिखित प्रार्थना पत्रों के माध्यम से शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। लगातार बढ़ती जनसमस्या को देखते हुए एक बार फिर विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया है।
समाजसेवी उमेश चन्द्र मिश्र के अनुरोध पर सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग रामनरेश मौर्य अपनी टीम के साथ क्षेत्र में पहुंचे और सड़कों व पुलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्गों की खराब स्थिति का जायजा लिया तथा प्रस्तावित कार्यों को विभागीय कार्ययोजना में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्रारंभ करा दिए जाएंगे। वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि इन मार्गों का निर्माण हो जाता है तो हजारों लोगों को राहत मिलेगी और गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

