हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज: शादी कराने के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले कथित “लूटेरी दुल्हन गैंग” पर महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह की चार महिलाओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त बताया है।
पुलिस के अनुसार, गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक, डीआईजी गोरखपुर रेंज तथा पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में थाना सिंदुरिया पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह की ओर से थाना सिंदुरिया में मुकदमा संख्या 111/2026 धारा 3(1) यूपी गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत केस दर्ज किया गया।
शादी के नाम पर बिछाया जाल
पीड़ित रंजीत चौहान निवासी एटा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 मई 2026 को उसे शादी कराने के नाम पर सिंदुरिया थाना क्षेत्र स्थित बलुअही धूस मंदिर के पास बुलाया गया। आरोप है कि गिरोह की महिलाओं और उनके सहयोगी जितेंद्र ने एक युवती को कुंवारी बताकर शादी तय कराई, जबकि वह पहले से शादीशुदा और एक बच्चे की मां निकली।
पीड़ित पक्ष से शादी के नाम पर 90 हजार रुपये नकद, 26 हजार रुपये का मंगलसूत्र, चांदी की पायल और खाने-पीने के नाम पर 10 हजार रुपये वसूले गए। आरोप है कि इसी दौरान महिलाओं ने गाली-गलौज और मारपीट भी की, जिसमें पीड़ित और उसके रिश्तेदार घायल हो गए। मौका पाकर कथित दुल्हन को लेकर आरोपी फरार हो गए।
गिरफ्तार महिलाओं से बरामद हुआ सामान
विवेचना के दौरान पुलिस ने चारों महिलाओं लालती देवी निवासी कोठीभार, महराजगंज सुमित्रा देवी निवासी कप्तानगंज, कुशीनगर काजल चौहान निवासी कप्तानगंज, कुशीनगर अंजली उर्फ अंजलिका निवासी भेड़ियहवा, कुशीनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से 39,500 रुपये नकद, एक जोड़ी पायल और मंगलसूत्र बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस बोली— गिरोह से फैला था भय
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य लंबे समय से धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। लोकलाज और डर के कारण कई लोग शिकायत दर्ज कराने से बचते थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह का आम लोगों में भय और आतंक था, इसलिए इनके खिलाफ गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी की अनुमति के बाद गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई।
सरगना पर पहले से कई मुकदमे
मुख्य आरोपी लालती देवी पर महराजगंज और कुशीनगर के विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, अपहरण और आबकारी एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपित महिलाओं पर भी ठगी और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

