जंगल रास्ते में सर्राफा व्यापारी पर हमला, जेवर और बाइक लूटकर बदमाश फरार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


पुरंदरपुर क्षेत्र में वारदात से दहशत, घायल व्यापारी जिला अस्पताल रेफर


महराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाते हुए लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। सुनसान जंगल मार्ग पर व्यापारी को रोककर बदमाशों ने बेरहमी से पीटा और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा बाइक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है।


जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर बाजार निवासी रंजीत सोनी धनहिया चौराहे पर सर्राफा की दुकान चलाते हैं। गुरुवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि मल्हनी फुलवरिया जंगल मार्ग के पास पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।


बदमाशों ने व्यापारी पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। इसके बाद आरोपी उनके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात और बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल व्यापारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही पुरंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी मनोज कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *