- खोराबार के कुसम्ही जंगल में मिला युवक का शव, नहीं हुई पहचान
- घटना स्थल से पुलिस व फारेंसिक टीम ने एकत्रित किए साक्ष्य
हर्षोदय टाइम्स (हरीश उपाध्याय)
गोरखपुर जनपद के कुसम्ही जंगल में शनिवार को लगभग 35 वर्ष के एक युवक का शव मिलने से सनसनी मच गई। युवक के सिर पर गोली लगने का निशान है। माना जा रहा है कि गोली मारकर हत्या की गई है, इसके बाद शव जंगल की कच्ची सड़क पर फेक दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। घटना स्थल से ही 315 बोर का एक फायर किया कारतूस भी मिला है। पुलिस शव को मोर्चरी में भेजकर उसकी पहचान कराने में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर दो बजे के करीब खोराबार थाने से 800 मीटर की दूरी पर सूबा वन चौकी के पास कुसम्ही जंगल की कच्ची सड़क पर युवक का शव मिला है। युवक के सिर में गोली लगने से होल हो गया था। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। मृतक के शरीर पर नीला टी-शर्ट,नीला लोवर, सफेद रंग का बनियान पहने हुए था। मृतक के कपड़ों की तलाश में पुलिस को कुछ भी नहीं मिला है। इसलिए पहचान कराने में दिक्कत आ रही है। शव के चार कदम की दूरी पर हरे रंग का हवाई चप्पल व सिलाई मशीन व तमंचा में डालने वाला तेल भी मिला है। घटनास्थल के चारो तरफ घूमकर पुलिस ने जांच पड़ताल भी की, लेकिन कहीं कुछ साक्ष्य नहीं मिला।
इससे पहले भी क्षेत्र में हत्या कर फेका गया था शव
ये बता दें कि 20 जूलाई की रात में चौरीचौरा थाना क्षेत्र के आमकोल निवासी 50 वर्षीय रामबदन की हत्या की गई थी। 21 जुलाई की सुबह उनका शव थाना क्षेत्र के वनस्पति माता मंदिर के सामने बेलवार जाने वाली सड़क के किनारे पुलिस मिला था। पुलिस अभी इस घटना का पर्दाफाश भी नहीं कर पाई थी, तभी एक और हत्या कर फेका गया शव मिल गया। अब दोनों हत्याओं का पर्दाफाश करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है।
इस संबंध में एसपी सिटी, कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया की खोराबार के कुसम्ही में एक शव मिला है। उसके सिर में गोली मारने का घाव है। शव की पहचान कराई जा रही है। पुलिस व फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। इस मामले में पुलिस गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।

