आईसीयू में गूंजी शहनाई: दुल्हन की मांग भरने अस्पताल पहुंचा दूल्हा

उत्तर प्रदेश गोरखपुर


सड़क हादसे में घायल हुई दुल्हन, तय मुहूर्त पर अस्पताल में संपन्न हुई शादी, भावुक हुए परिजन और डॉक्टर

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


गोरखपुर जिले में एक ऐसी अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। शादी के दिन सड़क हादसे में घायल होकर आईसीयू में भर्ती दुल्हन की मांग भरने दूल्हा बारात लेकर अस्पताल पहुंच गया। डॉक्टरों, नर्सों और परिजनों की मौजूदगी में मंत्रोच्चार के बीच आईसीयू में ही विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।


बताया जा रहा है कि बांसगांव क्षेत्र के हटवार गांव निवासी पूजा यादव की शादी महादेवा बाजार के महुआ निवासी सन्नी यादव से तय थी। दोनों परिवारों की सहमति से विवाह की तिथि 13 मई 2026 निर्धारित की गई थी। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं।


इसी बीच विवाह वाले दिन पूजा अपने भाई के साथ एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा देने खलीलाबाद गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद लौटते समय रास्ते में अचानक उसे चक्कर आ गया और वह बाइक से नीचे गिर पड़ी। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और काफी खून बहने लगा।


सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे गोरखपुर के दाउदपुर स्थित आर्यन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया। घटना की जानकारी दूल्हा पक्ष को भी दी गई।


अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि पूजा खतरे से बाहर है, लेकिन फिलहाल उसे डिस्चार्ज नहीं किया जा सकता। इसके बाद दोनों परिवारों ने तय किया कि विवाह निर्धारित मुहूर्त में ही संपन्न कराया जाएगा।


शाम को दूल्हा सन्नी बारात लेकर दुल्हन के गांव पहुंचा, जहां पारंपरिक रस्में निभाई गईं। इसके बाद रात करीब एक बजे दूल्हा अपने करीबी रिश्तेदारों और पंडित के साथ अस्पताल पहुंचा। आईसीयू में ही मंत्रोच्चार के बीच सन्नी ने पूजा की मांग में सिंदूर भरा और सात वचन लिए।


इस भावुक पल का गवाह बना अस्पताल का पूरा स्टाफ भी खुद को रोक नहीं सका। विवाह संपन्न होने के बाद दूल्हा वापस गांव लौटा, जहां अन्य पारंपरिक कार्यक्रम पूरे किए गए।


मानवीय संवेदनाओं और रिश्तों की मिसाल बनी यह शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *