हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। आम नागरिकों को सरल, सस्ता और शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद महराजगंज में 14 फरवरी 2026, दिन द्वितीय शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत जनपद न्यायाधीश महराजगंज के मार्गदर्शन एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में लंबित मामलों के निस्तारण की संभावना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महराजगंज के सचिव सुनील कुमार नागर ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर विभिन्न प्रकार के वादों का समाधान किया जाएगा। इसमें आपराधिक शमनीय वाद, धारा 138 पराक्रम्य लिखित अधिनियम के मामले, बैंक वसूली एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, पारिवारिक एवं श्रम विवादों के साथ-साथ भूमि अधिग्रहण, स्टाम्प, राजस्व व चकबन्दी से जुड़े वाद शामिल रहेंगे।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी न्यायालयों में संबंधित पीठासीन अधिकारियों की देखरेख में लोक अदालत की कार्यवाही संपन्न होगी। विद्युत व जल बिल से संबंधित विवाद, चोरी से जुड़े मामलों सहित, भी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित किए जाएंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनसामान्य से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराएं और न्यायालयी प्रक्रिया से शीघ्र राहत प्राप्त करें।


