हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बसहिया बुजुर्ग टोला उर्दहनी गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सड़ा प्याज फेंकने का विरोध करने पर एक किशोर ने 10 वर्षीय बालक के सिर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार कुशीनगर जनपद के हाटा थाना क्षेत्र अंतर्गत मगुरही गांव निवासी कृष्णा गुप्ता अपने मामा राहुल के घर रहकर पढ़ाई करता है। राहुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब छह बजे कृष्णा घर के बाहर लघुशंका के लिए गया था। आरोप है कि इसी दौरान पट्टीदार का एक किशोर दरवाजे पर बैठकर प्याज काट रहा था और उसने सड़ा प्याज कृष्णा की ओर फेंक दिया। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि गुस्से में आए किशोर ने चाकू से कृष्णा के सिर पर वार कर दिया। वार लगते ही बालक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजन घायल बच्चे को तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया।

बताया जा रहा है कि कृष्णा के पिता की दो वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है और वह अपने मामा के यहां रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है तथा मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

