हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। बेटी के घर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही एक मां की रास्ते में ही दर्दनाक मौत हो गई। निचलौल थाना क्षेत्र के बहुआर मार्ग स्थित बैठवलिया गांव के पास बाइक से गिरकर घायल हुई महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।
जानकारी के मुताबिक, नेपाल सीमा से सटे गेड़हवा गांव के सकरदिन्ही तिलबारी टोला निवासी कैरी देवी (48) पत्नी मोहरम मुसहर बुधवार को अपने बेटे और गांव के एक युवक के साथ बाइक से लेदी गांव जा रही थीं। वहां उनकी बेटी के घर मांगलिक कार्यक्रम आयोजित था।
बताया जा रहा है कि बहुआर मार्ग पर बैठवलिया गांव के पास पहुंचते ही अचानक कैरी देवी बाइक से नीचे गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
थाना प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

