भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती को बहला-फुसलाकर घर ले जाने, उसके साथ छेड़छाड़ करने तथा सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर बदनाम करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार गांव का ही एक युवक उनकी पुत्री को बहाने से अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां कमरे का दरवाजा बंद कर युवक ने युवती के साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की तथा घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक सोशल मीडिया और व्हाट्सएप स्टेटस पर युवती की फोटो साझा कर उसे बदनाम कर रहा था। इससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई और युवती का तय विवाह भी टूट गया। मामले को लेकर गांव में कई बार पंचायत हुई, लेकिन आरोपी की हरकतों में कोई सुधार नहीं आया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी पूर्व में भी कई विवादित मामलों में शामिल रह चुका है। घटना के बाद से परिवार दहशत और मानसिक तनाव में है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

