शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


शादी से इनकार पर युवती ने छत से लगाई छलांग, गंभीर रूप से घायल


भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से आहत युवती ने घर की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।


पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी करीब 20 वर्षीय बेटी का पिछले एक वर्ष से चौक थाना क्षेत्र के सेखुई निवासी विष्णु गुप्ता से संपर्क था। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर युवती से शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।
स्वजन के अनुसार, युवक के इनकार से मानसिक रूप से परेशान युवती ने 26 जुलाई को अपने घर की छत से छलांग लगा दी। हादसे में उसके पैर की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वर्तमान में वह चलने-फिरने में असमर्थ है।


पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर भिटौली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


भिटौली थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *