ईंधन बचत और सादगी पर योगी सरकार का जोर, सरकारी फ्लीट में 50 फीसदी कटौती के निर्देश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


लखनऊ। वैश्विक परिस्थितियों और ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रदेशवासियों से ईंधन की खपत कम करने तथा अनावश्यक रूप से सोने की खरीदारी से बचने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप सभी नागरिकों को संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की दिशा में योगदान देना चाहिए।


मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सरकारी कार्यप्रणाली में भी सादगी और बचत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री, मंत्रियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों की फ्लीट में 50 प्रतिशत तक कमी किए जाने को कहा, ताकि ईंधन की खपत घटाई जा सके और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण लगाया जा सके।


बैठक में मुख्यमंत्री ने “वर्क फ्रॉम होम” की संस्कृति को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, कार्यालयों में डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ाया जाए और कर्मचारियों को ऑनलाइन कार्य प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।


मुख्यमंत्री ने पीएनजी, मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के अधिकाधिक उपयोग की भी अपील की। उन्होंने कहा कि निजी वाहनों की तुलना में सार्वजनिक परिवहन न केवल ईंधन बचाने में मददगार है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी आवश्यक है।


इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सरकारी कॉन्फ्रेंस, बैठकों और सेमिनारों को अधिक से अधिक वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि डिजिटल तकनीक के जरिए समय, संसाधन और धन तीनों की बचत संभव है।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ऊर्जा संरक्षण और सादगी का यह संदेश आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, ताकि प्रदेश स्तर पर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *