परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका दायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा श्यामदेउरवा निवासी अयोध्या गुप्ता (60) पुत्र स्वर्गीय श्यामसुंदर गुप्ता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्यामदेउरवा दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर मुड़ते समय महराजगंज से गोरखपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार वैगनर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भिजवाया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



