38 लाख की सीसी सड़क में मानकों की अनदेखी, दोयम ईंट व मिट्टी इस्तेमाल करने का दावा; डीएम से जांच की मांग
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जिले के नगर पंचायत चौक अंतर्गत वार्ड नंबर-1 में नहर से कब्रिस्तान तक बन रही सीसी सड़क निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय नागरिकों ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) और ठेकेदार पर मिलीभगत कर मानकविहीन निर्माण कराने का आरोप लगाया है। लोगों ने जिलाधिकारी से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि करीब 38.09 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सड़क में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में दोयम दर्जे की ईंट, सादा बालू तथा मिट्टी की भराई का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही बिना मजबूत बेस तैयार किए ही सीसी सड़क डाली जा रही है, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब निर्माण कार्य का विरोध किया गया तो ठेकेदार द्वारा जल्दबाजी में प्लास्टर और पानी डालकर निर्माण की खामियों को छिपाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि मामले की शिकायत मोबाइल, मौखिक सूचना और समाचार पत्रों के माध्यम से कई बार संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई है कि यदि इसी तरह घटिया निर्माण जारी रहा तो सड़क कुछ ही समय में टूट जाएगी और सरकारी धन का दुरुपयोग साबित होगा। लोगों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
इस संबंध में सद्दाम हुसैन, अकबर अली, नूर मोहम्मद, अहमद रजा, अनिल तथा रामदवन समेत कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

