आठ माह से मानदेय लंबित, आर्थिक संकट में ग्राम रोजगार सेवक

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

आर्थिक संकट से जूझ रहे रोजगार सेवकों ने पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के हाथों मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन


परतावल /महराजगंज जिले के  ग्राम रोजगार सेवक इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। अगस्त 2025 से अब तक मानदेय का भुगतान न होने से उनकी स्थिति दयनीय हो गई है। इस समस्या को लेकर परतावल क्षेत्र के ग्राम रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के माध्यम से प्रेषित किया है।


रोजगार सेवकों का कहना है कि वे मनरेगा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं में लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन 8 माह से मानदेय न मिलने के कारण उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। त्योहारों के समय भी आर्थिक तंगी के चलते वे अपने परिवार के साथ खुशियां नहीं मना सके। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गई है।


ज्ञापन में रोजगार सेवकों ने लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने 35,000 रुपये मासिक मानदेय निर्धारित करने, राज्य कर्मचारी का दर्जा देने और समय से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अलग बजट व्यवस्था लागू करने की भी मांग उठाई है।


रोजगार सेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *