कोल्हुई पुलिस की सक्रियता से टूटी शादी फिर जुड़ी, क्षेत्र में हो रही सराहना
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता, सूझबूझ और मानवीय पहल के चलते एक टूटती हुई शादी दोबारा सम्पन्न कराई गई। पुलिस के प्रयास से वापस लौट चुकी बारात फिर विवाह स्थल पर पहुंची और शांतिपूर्ण माहौल में सभी वैवाहिक रस्में सम्पन्न हुईं।
जानकारी के अनुसार ग्राम करैला अजगरहां निवासी चैतु प्रसाद की पुत्री कुमारी सुन्दरी का विवाह ग्राम टेढ़ी थाना पुरन्दरपुर निवासी सिकन्दर कुमार पुत्र राम शिवप्रसाद के साथ तय था। द्वार पूजा के दौरान डीजे पर नृत्य को लेकर घराती और बाराती पक्ष के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दूल्हा समेत पूरी बारात वापस ग्राम टेढ़ी लौट गई, जिससे विवाह टूटने की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोल्हुई पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पीआरवी से सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम करीब आठ किलोमीटर दूर ग्राम टेढ़ी पहुंची और वर पक्ष तथा उनके परिजनों से शांतिपूर्वक बातचीत की। पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर माहौल शांत कराया।
पुलिस की सकारात्मक पहल और कुशल संवाद का असर हुआ कि वर पक्ष पुनः विवाह स्थल पर लौटने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में विवाह की सभी रस्में सकुशल सम्पन्न कराई गईं तथा वधू की विदाई भी शांतिपूर्ण ढंग से हुई।
इस सराहनीय कार्य के बाद क्षेत्र में कोल्हुई पुलिस की जमकर प्रशंसा हो रही है।
शादी सम्पन्न कराने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश त्रिपाठी,हेड कांस्टेबल रमेश यादव, कांस्टेबल सतीश चौधरी, कांस्टेबल जगदीश पटेल, कांस्टेबल बबलू यादव शामिल रहे।

