अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर सीएचसी परतावल में सम्मान समारोह, सीएमओ ने एएनएम को दिए बेहतर कार्य के निर्देश
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। नगर पंचायत परतावल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी महराजगंज डॉ. नवनाथ प्रसाद ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए नर्सों एवं एएनएम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है, जो मरीजों की सेवा, देखभाल और स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सीएमओ ने उपस्थित एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में एएनएम की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने नियमित टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच, पोषण अभियान तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस सेवा, समर्पण और त्याग की भावना को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है।

सम्मान समारोह के उपरांत सीएचसी परिसर में एएनएम की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। सीएमओ ने संस्थागत प्रसव, आयुष्मान भारत योजना, परिवार नियोजन कार्यक्रम एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी एएनएम को निर्देशित किया कि घर-घर संपर्क कर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। बैठक में चिकित्सक, स्टाफ नर्स, एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

