जेल भेजने की धमकी देकर लाखों रुपये मांगने का आरोप, सिन्दुरिया पुलिस की कार्रवाई
महराजगंज जनपद के थाना सिन्दुरिया पुलिस ने बलात्कार के फर्जी मुकदमे में फंसाने और अवैध धन उगाही करने के आरोप में एक युवती को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी युवती लोगों को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर रुपये वसूलती थी।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना सिन्दुरिया क्षेत्र के ग्राम पड़री उर्फ मीरगंज निवासी सत्यदेव चौहान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि जानकी पुत्री रामआशीष ने उनके भाई सूरज चौहान से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद विवाद होने पर जानकी ने सूरज चौहान और उनके रिश्तेदार अनिल चौहान के खिलाफ अपनी नाबालिग बहन से दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें जेल भिजवा दिया।
आरोप है कि इसके बाद जानकी ने सत्यदेव चौहान और उनके बहनोई रामकेवल चौहान को भी रेप केस में फंसाने की धमकी दी। पीड़ितों से जेल भेजने से बचाने के नाम पर 40 हजार रुपये की अवैध वसूली की गई तथा बाद में एक-एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर लगातार धमकाया जाने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिन्दुरिया में मुकदमा अपराध संख्या 106/2026 धारा 308(6) एवं 317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्ता जानकी पुत्री रामआशीष निवासी ग्राम अहिरौली टोला विशुनपुर घाट (मदरहा), थाना घुघली, जनपद महराजगंज की उम्र 24 वर्ष बताई गई है। वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है।
पुलिस ने अभियुक्ता के पास से 5,200 रुपये नकद, पीली धातु की एक जोड़ी कान की बाली तथा एक वीवो वाई-21 मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस के अनुसार अभियुक्ता के खिलाफ पहले से भी थाना घुघली में दुष्कर्म, पोक्सो एवं अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित रंजन सिंह, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्य, कांस्टेबल इद्रेश यादव, रामजनम यादव तथा महिला कांस्टेबल श्रुति, रुनिया, सोनम और सुस्मिता शामिल रहीं।

