महराजगंज जनपद के सोनौली सीमा पर रविवार दोपहर 1:50 बजे भारत ने नेपाल सेना को 50 सैन्य वाहनों का औपचारिक हस्तांतरण किया। इस खेप में 20 एएलएस (7.5 टन) और 30 टाटा (2.5 टन) ट्रक शामिल रहे, जिन्हें सोनौली व्यापार मार्ग के जरिए नेपाल भेजा गया। यह कार्यक्रम भारत–नेपाल रक्षा सहयोग को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

हस्तांतरण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और मार्ग प्रबंधन की जिम्मेदारी 22वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों ने संभाली। मौके पर भारतीय सेना, नेपाल सेना और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। भारतीय सेना की ओर से कर्नल जपेंद्र पाल सिंह तथा नेपाल सेना की ओर से लेफ्टिनेंट कर्नल हरी प्रसाद भट्टराई ने प्रतिनिधित्व किया।
अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी समन्वय, विश्वास और रक्षा सहयोग और अधिक सुदृढ़ होगा। भारत–नेपाल के ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को आगे बढ़ाने में यह कदम महत्वपूर्ण भूमिका निभाये गा।


