बारीगांव में अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


जखीरा चौकी क्षेत्र में हादसा, सीएचसी परतावल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महाराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बारीगांव में सोमवार सुबह सड़क हादसे में 60 वर्षीय साइकिल सवार की मौत हो गई। मुख्य सड़क पर जा रहे वृद्ध को अज्ञात चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। घायल को सीएचसी परतावल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि आज सुबह करीब 11:30 बजे दूरभाष से सूचना मिली कि जखीरा चौकी अंतर्गत ग्राम बारीगांव की मुख्य सड़क पर साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है।

मृतक की पहचान रामधनी गुप्ता पुत्र स्व0 मूरत उम्र करीब 60 वर्ष निवासी बारिगांव बिल्लर टोला, थाना घुघली के रूप में हुई। रामधनी अपनी साइकिल से जा रहे थे तभी तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

108 एम्बुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फौती सूचना पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया।


थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। प्रकरण में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

बिमलेश कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *