शिकारपुर-सिंदुरिया मार्ग पर चलते DCM से गिर कर मजदूर की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

घुघली/ महराजगंज। शिकारपुर-सिंदुरिया मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक चलती DCM से गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार थाना घुघली क्षेत्र के बल्लोख़ास के पास सुबह करीब 10:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति DCM से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक संजय कुशवाहा और उपनिरीक्षक हरि प्रकाश यादव ने जांच पड़ताल की तो युवक की पहचान राजेश यादव (30) पुत्र स्वर्गीय मोहित यादव निवासी सेमरा राजा, थाना भिटौली के रूप में हुई।


बताया जा रहा है कि राजेश DCM पर बैठकर काम पर जा रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने DCM को कब्जे में ले लिया है। घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

संवाददाता बिमलेश कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *