महराजगंज। विकास खण्ड परतावल अंतर्गत ग्राम सभा बेलवा बुजुर्ग में वर्ष 2018 में निर्मित पानी टंकी आज भी क्षेत्र की करीब 10 हजार आबादी की प्यास नहीं बुझा पा रही है। बेलवा बुजुर्ग, सिसवा मुंशी और विशुनपुर खुर्द गांव के ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति नहीं मिल रही है। शासन की महत्वाकांक्षी “हर घर जल” योजना के बावजूद तीनों गांवों के कई परिवार अब भी शुद्ध पेयजल से वंचित हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन में बार-बार लीकेज, समय पर मरम्मत न होना और जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। कई घरों तक आज तक पानी की आपूर्ति नहीं पहुंच सकी है, जिससे लोगों को हैंडपंप या अन्य वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। बेलवा बुजुर्ग के प्रधान प्रतिनिधि नूरुएन खान सहित राजा राम, भगवान दास, नरेंद्र गुप्त और रामकुशुन ने नाराजगी जताते हुए बताया कि कई बार संबंधित विभाग और जिम्मेदारों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि लाखों रुपये की लागत से बनी पानी टंकी महज दिखावा बनकर रह गई है, जबकि तीन गांवों की जनता बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान है।
इस संबंध में जल निगम विभाग के ठेकेदार ने बताया कि पाइपलाइन में जहां-जहां खराबी है, उसकी जांच कर जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी और जलापूर्ति सुचारु की जाएगी। वहीं टंकी के ऑपरेटर मोहम्मद आजाद का कहना है, “जब भी पानी की सप्लाई दी जाती है, कहीं न कहीं पाइपलाइन में लीकेज हो जाती है, जिससे मजबूरन सप्लाई रोकनी पड़ती है।” ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि योजना का लाभ वास्तव में हर घर तक पहुंच सके।


