पुलिया के नीचे मिला युवक का शव, गांव में फैली दहशत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


मजदूरी कर परिवार पालने वाले हकामुद्दीन की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवा टोला पिपरहिया में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिया के नीचे संदिग्ध हालत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।


मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर देउरवा निवासी 35 वर्षीय हकामुद्दीन रविवार रात करीब 10 बजे के बाद से घर से लापता था। परिजनों ने बताया कि रात में भोजन करने के बाद सभी लोग सोने चले गए थे। उन्हें लगा कि वह गांव में किसी परिचित के यहां गए होंगे और थोड़ी देर में लौट आएंगे, लेकिन पूरी रात बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं पहुंचे।


सोमवार सुबह करीब पांच बजे खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने लक्ष्मीपुर देउरवा से कमता बुजुर्ग जाने वाले मार्ग पर पिपरहिया के पास पुलिया के नीचे एक शव पड़ा देखा। सूचना फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। शव की पहचान हकामुद्दीन के रूप में होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।


घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। मृतक की पत्नी सरवर जहां का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने पति की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।


ग्रामीणों के अनुसार हकामुद्दीन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता का निधन करीब आठ वर्ष पूर्व हो चुका है। वह दो भाइयों में बड़ा था और अपने पीछे पत्नी व तीन छोटी बेटियों को छोड़ गया है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *