हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। जनपद अंतर्गत सिसवा बाजार स्थित एसकेएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दसवीं कक्षा के छात्र उत्कर्ष भालोटिया ने कम उम्र में अपनी प्रतिभा और नवाचार के दम पर जिले का नाम रोशन किया है। उत्कर्ष का चयन उत्तर प्रदेश आइकन अवार्ड-2027 के लिए किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
उत्कर्ष ने छोटी उम्र में ही कई ऐसे इनोवेशन किए हैं, जो उनकी रचनात्मक सोच और कुछ नया करने की लगन को दर्शाते हैं। उनके नवाचार उम्र की सीमाओं से आगे बढ़कर समाज को सकारात्मक सोच और नई दिशा का संदेश दे रहे हैं।
खास बात यह है कि उत्कर्ष को इससे पहले भी विभिन्न मंचों पर उनकी प्रतिभा और नवाचार के लिए सम्मानित किया जा चुका है। लगातार मिल रहे सम्मान उनकी मेहनत और प्रतिभा को नई पहचान दे रहे हैं।
आज के दौर में जहां बड़ी संख्या में बच्चे अपना समय मोबाइल फोन और सोशल मीडिया पर बिताने में व्यस्त हैं, वहीं उत्कर्ष ने तकनीक और अपनी रचनात्मकता का उपयोग कुछ नया सीखने और समाज के लिए उपयोगी काम करने में किया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।


