हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज में ‘भारत विज्ञान यात्रा’ व साइंस सेमिनार का आयोजन, छात्रवृत्ति विजेताओं को बांटे गए चेक व पुरस्कार

महराजगंज। पनियरा क्षेत्र के उस्का स्थित हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज में रविवार को मदर्स डे के अवसर पर ‘भारत विज्ञान यात्रा’ एवं ‘साइंस सेमिनार 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कॉलरशिप परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को चेक, छात्रवृत्ति और आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विजेता विद्यार्थियों की माताओं, शिक्षिकाओं एवं महिला कर्मचारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कॉलेज के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 3 मई 2026 को कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों के लिए OMR आधारित नकलविहीन स्कॉलरशिप परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मदर्स डे पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मोटिवेशनल स्पीकर दिशांक सर एवं केमिस्ट्री विशेषज्ञ एस.टी. अली सर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दिशांक सर ने विज्ञान और जीवन में मां की भूमिका पर प्रेरणादायक संबोधन दिया, जबकि एस.टी. अली सर ने रसायन विज्ञान के रोचक प्रयोगों के माध्यम से छात्रों को विज्ञान के प्रति प्रेरित किया।
कक्षा 11 की परीक्षा में पूजा वर्मा एवं सुधीर पटेल ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों को 12 माह की पूर्ण शुल्क माफी एवं पुरस्कार प्रदान किया गया। विवेक गौड़ द्वितीय, मोहिनी गौड़ तृतीय, कुमारी प्रतिमा चतुर्थ तथा नवनीत वर्मा एवं सईदुज्जमा अंसारी संयुक्त रूप से पंचम स्थान पर रहे।
वहीं कक्षा 9 में उम्मे हबीबा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 12 माह की पूर्ण छात्रवृत्ति हासिल की। अभिनव विश्वकर्मा द्वितीय, रिंकी मौर्या तृतीय, महमूद चतुर्थ तथा कमरे आलम पंचम स्थान पर रहे। अन्य मेधावी छात्रों को भी नियमानुसार छात्रवृत्ति प्रदान करने की घोषणा की गई।
कॉलेज प्रबंधक ने सफल विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ‘भारत विज्ञान यात्रा’ का उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना तथा आर्थिक अभाव के कारण किसी भी मेधावी छात्र की शिक्षा प्रभावित न होने देना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

