बांस के सहारे झूल रहा 11 हजार वोल्ट का तार, हादसे की आशंका

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, ग्रामीणों में दहशत
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


घुघली/महराजगंज। जनपद के घुघली ब्लॉक अंतर्गत ग्रामसभा हरखी के टोला निपनिया में 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन का तार बांस के सहारे लटकने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से हाईटेंशन तार झुककर बांस पर टिक गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


ग्रामीणों के अनुसार, चौमुखा पावर हाउस पर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया। वहीं संबंधित जेई को सूचना देने पर भी केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि “दो दिन में ठीक हो जाएगा” कहकर जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं।


बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर तार झुका हुआ है, वहां दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है और अक्सर 2 से 4 लोग पोल के पास बैठे रहते हैं। ऐसे में यदि पोल टूट गया या तार नीचे गिर गया तो बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।


ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल मरम्मत कार्य कराकर खतरे को दूर करने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से पहले स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *