हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3584 नशीले कैप्सूल और 1800 ट्रामाडोल इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद दवाओं की कीमत भारतीय बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना पनियरा, थाना श्यामदेउरवा, एसओजी और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। मुखबिर की सूचना पर ग्राम गिरगिटिया में कार्रवाई करते हुए आरोपी अल्ताफ अहमद को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अल्ताफ अहमद पुत्र अब्बास खान निवासी गिरगिटिया थाना पनियरा पिछले करीब दो वर्षों से अपने घर पर प्रतिबंधित दवाओं का भंडारण कर अवैध बिक्री कर रहा था। आरोपी के खिलाफ थाना पनियरा में मु0अ0सं0 136/2026 के तहत धारा 8/22/23/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, एसओजी प्रभारी योगेश सिंह, स्वाट प्रभारी आशीष कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

