बदहाल पिंक शौचालय से बढ़ी महिलाओं की परेशानी, ग्रामीणों में नाराजगी

Blog उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। परतावल विकासखंड के श्यामदेउरवा में महिलाओं की सुविधा के लिए बनाए गए पिंक शौचालय और स्नानघर का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। वर्षों से बंद पड़े इस शौचालय की हालत अब खस्ताहाल हो चुकी है। देखरेख के अभाव में परिसर में गंदगी और झाड़ियां फैल गई हैं, जिससे आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं का आना-जाना रहता है, लेकिन शौचालय बंद होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मजबूरी में महिलाओं को इधर-उधर भटकना पड़ता है।

ग्रामीण राजकुमार सिंह


ग्रामीण राजकुमार सिंह, रामसजन प्रसाद, राम नगीना, सुरेंद्र, श्याम और विनोद ने बताया कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने शौचालय को जल्द चालू कराने और नियमित साफ-सफाई की मांग की है।

महम्दा में बंद शौचालय


इसी तरह परतावल ब्लाक के ग्राम पंचायत महम्मदा में स्थित सार्वजनिक शौचालय भी बदहाल स्थिति में है। ग्रामीणों के अनुसार शौचालय अधिकतर समय बंद रहता है और परिसर में खरपतवार उग आए हैं। इससे लोगों को खुले में शौच जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।


ग्रामीण राजन पाण्डेय, मोनू मौर्या, दीपक और प्रमोद चौधरी ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय नियमित रूप से नहीं खुलता, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शौचालय को नियमित रूप से संचालित कराने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।


इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अर्जुन कुमार चौधरी ने कहा कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधा का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *