आयुष्मान आरोग्य मंदिर व सीएचसी का निरीक्षण, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए जरूरी निर्देश
महराजगंज। स्वास्थ्य विभाग की स्टेट टीम (उत्तर प्रदेश टेक्निकल सपोर्ट यूनिट) ने शुक्रवार को मिठौरा ब्लॉक पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। टीम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर बौलिया राजा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर बौलिया राजा में बैठक कर आशा, आंगनबाड़ी, सीएचओ एवं एएनएम के कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में आ रही कमियों की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मियों को उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद स्टेट टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा पहुंची, जहां आयोजित आशा एवं आंगनबाड़ी प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान टीम के सदस्यों ने टीकाकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए नियमित टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में टीम ने सीएचसी मिठौरा के विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
स्टेट टीम में डॉ. रीता झा, उमेश सिंह एवं कुलदीप कुमार शामिल रहे।
इस अवसर पर सहायक शोध अधिकारी जहांआरा, सीएचसी अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी उमेश शाही सहित विजय प्रताप सिंह, नवनीत उपाध्याय, अवनीश पटेल, अखिलेश गुप्ता, ममता पाठक, जमशेद, वीरेंद्र यादव एवं मनोज कुमार समेत बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

