बदहाल पिंक शौचालय बना परेशानी का सबब, महिलाओं को उठानी पड़ रही दिक्कत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। स्वच्छता और महिला सुविधा के उद्देश्य से बनाए गए पिंक शौचालय अब खुद उपेक्षा का शिकार होते नजर आ रहे हैं। परतावल विकासखंड के श्यामदेउरवा में बना पिंक शौचालय और स्नानघर लंबे समय से बंद पड़ा है, जिसके कारण स्थानीय महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों के अनुसार शौचालय निर्माण के बाद कभी नियमित रूप से संचालित ही नहीं किया गया। देखरेख के अभाव में भवन जर्जर होने लगा है और परिसर में झाड़ियां व गंदगी फैल गई है। सबसे अधिक परेशानी तब होती है जब आसपास शादी-विवाह अथवा अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ऐसे आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी रहती है, लेकिन शौचालय बंद होने से उन्हें असुविधा झेलनी पड़ती है।


ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों ने शौचालय को जल्द चालू कराने और नियमित साफ-सफाई की मांग उठाई है।


वहीं, ग्राम पंचायत महम्मदा में भी सार्वजनिक शौचालय की स्थिति खराब बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शौचालय अधिकतर समय बंद रहता है और परिसर में उगी झाड़ियां बदहाली की कहानी बयां कर रही हैं। ग्रामीणों को मजबूरी में खुले में शौच जाना पड़ रहा है, जिससे स्वच्छता अभियान के दावे भी सवालों के घेरे में हैं।


ग्रामीणों ने प्रशासन से दोनों शौचालयों को तत्काल चालू कराने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अर्जुन कुमार चौधरी ने कहा कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधा का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *