हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
लखनऊ/ महाराजगंज : उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने प्रदेश के सभी प्रीपेड स्मार्ट बिजली मीटरों को पोस्टपेड प्रणाली में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में विभाग द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली खपत का बिल पोस्टपेड माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।
यूपीपीसीएल के अनुसार मई 2026 माह की बिजली खपत का बिल तैयार कर जून 2026 में उपभोक्ताओं को SMS एवं WhatsApp के माध्यम से भेजा जाएगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनका मोबाइल नंबर पंजीकृत नहीं है अथवा गलत दर्ज है, वे जल्द से जल्द संबंधित कार्यालय या टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर अपना सही मोबाइल नंबर अपडेट करा लें।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी उपभोक्ता को SMS या WhatsApp के माध्यम से बिल प्राप्त नहीं होता है, तो वह अपने संबंधित डिस्कॉम के WhatsApp Chatbot नंबर पर संपर्क कर बिल प्राप्त कर सकता है। पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल, दक्षिणांचल एवं केस्को के लिए अलग-अलग WhatsApp Chatbot नंबर जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को त्वरित सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
यूपीपीसीएल ने कहा है कि बिजली उपभोक्ताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि बिलिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बन सके। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि यूपीपीसीएल उपभोक्ताओं की सेवा में सदैव तत्पर है।

