पनियरा PHC में नियमित टीकाकरण को लेकर एएनएम व पर्यवेक्षकों का हुआ प्रशिक्षण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


पनियरा/महराजगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पनियरा में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अधिदेव कश्यप की अध्यक्षता में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सभी एएनएम एवं पर्यवेक्षकों की सह समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज लाल कन्नौजिया ने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित टीकाकरण से संबंधित आवश्यक जानकारियां एवं प्रशिक्षण प्रदान किया।


बैठक के दौरान नियमित टीकाकरण अभियान में आने वाली कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए एनसीडी स्क्रीनिंग, आभा कार्ड की प्रगति, आयुष्मान कार्ड निर्माण, संस्थागत प्रसव की उपलब्धि, गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत जांच, मंत्रा पोर्टल की स्थिति तथा बच्चों के सम्पूर्ण टीकाकरण की उपलब्धि पर विशेष जोर दिया गया।


जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज लाल कन्नौजिया ने कहा कि सभी स्वास्थ्य कर्मी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित टीकाकरण अभियान को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित करें, जिससे कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।


बैठक में जिला कम्यूनिटी प्रोसेस प्रबंधक संदीप पाठक, बीपीएम गणेश सिंह, ब्लॉक कम्यूनिटी प्रोसेस प्रबंधक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, एचईओ वेद प्रकाश यादव, डीईओ सुरेश कुमार, बीएएम धर्मपाल, डब्ल्यूएचओ मॉनीटर अमितेश श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट अवनीश मिश्रा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *